Summer express, सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत में राठधाना रोड स्थित एक फार्म हाउस में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब फार्म हाउस संचालक और एक महिला का शव गेस्ट रूम में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान फार्म हाउस संचालक सुमेश स्वामी और एक महिला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के शव गेस्ट रूम में फंदे से लटके पाए गए।
सूचना मिलने पर मृतक के बेटे मोहित ने बताया कि सुबह उन्होंने अपने पिता को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह स्वयं फार्म हाउस पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने कमरे तलाशने शुरू किए। गेस्ट रूम में पहुंचने पर उन्होंने पिता और महिला को फंदे से लटका देखा।
मोहित के अनुसार, दोनों को नीचे उतारने के प्रयास में फंदा जलाया गया, जिससे वे नीचे गिर गए, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से शराब की बोतलें और कुछ खाली पैकेट भी बरामद हुए हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों को मारकर बाद में शव फंदे पर लटकाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।