बिलासपुर,सुभाष-:बिलासपुर जिले के स्वारघाट उपमंडल के बलिया क्षेत्र में कुछ छात्रों को कथित तौर पर नशा करते हुए पकड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों को लंबे समय से इलाके में युवाओं की संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी।इसी के चलते ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कुछ छात्रों को घेर लिया और उनसे पूछताछ की।
आरोप है कि इस दौरान छात्रों को नशा करते हुए पाया गया। ग्रामीणों ने उन्हें सख्त चेतावनी दी और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने को कहा।घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा छात्रों को दंडस्वरूप अनुशासनात्मक तरीके से मुर्गा भी बनाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि, इस तरह की कार्रवाई को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी चिंता का विषय बनती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।वहीं, प्रशासन की ओर से मामले की जांच की उम्मीद जताई जा रही है।