Summer express, लुधियाना | लुधियाना में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। ताजा मामला चंडीगढ़ रोड का है, जहां देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पिछले 10 वर्षों से लुधियाना में एक रोलिंग मिल में काम कर रहा था। पंकज अपने दोस्तों विनोद और जय प्रकाश के साथ काम से लौट रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पंकज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, जिनमें उसका भाई दीपक कुमार भी शामिल था, मौके पर पहुंचे, जहां पंकज की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। बाद में शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
हादसे में घायल जय प्रकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि विनोद को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि पंकज अविवाहित था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, जिससे घर में शोक का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।