Summer express, हैदराबाद | हैदराबाद के केपीएचबी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार रात एक प्राइवेट ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। इस घटना में बस में सवार सभी 18 यात्री बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह बस श्री दुर्गा मल्लेश्वरी ट्रेवल्स की थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर NL02B9955 है। बस मियापुर से आंध्र प्रदेश के पलकोल्लू जा रही थी, तभी रात करीब 10:45 बजे आग लग गई।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले ड्राइवर की केबिन में शुरू हुई। चालक और बस स्टाफ की तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
के.पी.एच.बी. पुलिस और अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत ड्राइवर केबिन से हुई हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति को बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।