Summer express, अमेरिका | अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कड़ा रुख अपनाते हुए ईरान को साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर समझौता नहीं हुआ तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की जा सकती है।
पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि 21 अप्रैल इस पूरे विवाद का अहम मोड़ साबित हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि बातचीत से कोई नतीजा नहीं निकलता है तो पहले से जारी दबाव और सैन्य घेराबंदी जारी रहेगी और हालात बिगड़ने पर बमबारी फिर से शुरू की जा सकती है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द समझौता हो जाएगा, और यदि ऐसा होता है तो व्हाइट हाउस में इसका औपचारिक जश्न मनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, अमेरिका की रणनीति के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में नौसैनिक दबाव बनाए रखने की योजना है, जिससे ईरान के तेल निर्यात पर प्रभाव पड़ सके। यह कदम ईरान पर आर्थिक और रणनीतिक दबाव बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि यह नीति ईरान को बातचीत की मेज पर अमेरिकी शर्तों के अनुसार समझौते के लिए मजबूर करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
इसी बीच कूटनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों की एक नई बैठक पाकिस्तान में हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि सोमवार को इस्लामाबाद में उच्च स्तरीय वार्ता आयोजित की जा सकती है, जिसके लिए दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के रविवार तक पहुंचने की उम्मीद है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस तनाव और नई चेतावनियों के चलते क्षेत्र में हालात एक बार फिर गंभीर होते नजर आ रहे हैं।