हमीरपुर, अरविंद-:हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत आने बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत कड़साई के गांव कलबाड़ा की साढ़े 6 वर्षीय बच्ची रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। तीन दिन बीत जाने बाबजूद भी बच्ची का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बच्ची के लापता होने के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, दूसरी ओर बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची की मां मंजू भगवान से बच्ची की सलामती की दुआ मांग रही है।
जानकारी के अनुसार नायरा बुधवार के दिन सुबह 8 बजे के करीब अपने घर के पास खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कहीं भी बच्ची का पता नहीं चल पाया, जिसके बाद मामले की सूचना बड़सर पुलिस को दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। पहले दिन स्थानीय पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी आसपास के इलाकों, खेतों और जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा दूसरे दिन ड्रोन की मदद से भी इलाके की निगरानी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सर्च अभियान को और तेज करते हुए एसडीआरएफ की टीम कलवाड़ा गांव बुलाया गया। एसडीआरएफ और पुलिस और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
वहीं नायरा की मां मंजू का रो- रो कर बुरा हाल है। मंजू भगवान से नायरा की सलामती की दुआ मांग रही है। उन्होंने पुलिस और सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उनकी बच्ची को ढूंढा जाए।
वहीं नायरा के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि बच्ची बुधवार के दिन सुबह 8:00 बजे के आसपास घर के नजदीक खेल रही थी। उसके बाद अचानक गायब हो गई तीन दिन बीत जाने के बावजूद भी अभी तक नायरा का कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि स्थानीय ग्रामीण और पुलिस द्वारा नायरा को हर जगह ढूंढा जा रहा है।
वहीं कड़साई पंचायत के पूर्व प्रधान एवं स्थानीय निवासी रोमी कुमार ने बताया कि बच्ची को ढूंढने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि चौथे दिन भी एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।
वहीं हमीरपुर एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सर्च अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, या बच्ची के पिता रविंद्र कुमार के मोबाइल नंबर पर 62303-96169 संपर्क करें।