Summer express, रेवाड़ी | रेवाड़ी के कोनसीवास रोड पर भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस अग्निकांड में करीब 25 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि पास स्थित एक पक्का मकान भी आग की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, झुग्गियों में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद वहां रखे तीन छोटे सिलेंडर जोरदार धमाकों के साथ फट गए। सिलेंडर ब्लास्ट के चलते आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया और आसपास के सेक्टर-4 व गणपत नगर में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए रेवाड़ी, धारूहेड़ा और बावल से कुल 8 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि समय रहते लोग झुग्गियों से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि यह झुग्गियां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर अवैध रूप से बनी हुई थीं। यहां 100 से अधिक झुग्गियां मौजूद हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो साल पहले भी इसी स्थान पर आग लगने की घटना हो चुकी है।
मौके पर मॉडल टाउन और शहर थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।