हमीरपुर, अरविंद-:हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर के तहत ग्राम पंचायत कड़साई के कलवाड़ा गांव से लापता छह वर्षीय मासूम नायरा की तलाश अब और व्यापक स्तर पर की जाएगी। पिछले पांच दिनों से लगातार चल रहे सर्च अभियान के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाते हुए घर के आसपास एक किलोमीटर के रेडियस में गहन तलाशी अभियान चलाने का फैसला लिया है।
जानकारी के अनुसार, नायरा बीते बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास खेल रही थी, तभी वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई। परिवार ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू कर दी।स्थानीय पुलिस के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी खेतों, जंगलों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। बच्ची को ढूंढने के लिए ड्रोन तकनीक का भी सहारा लिया गया, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इस सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ, वन विभाग और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें भी शामिल रहीं, जो लगातार प्रयास कर रही हैं।
अब प्रशासन ने रणनीति बदलते हुए सर्च ऑपरेशन को और संगठित और केंद्रित करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नायरा के घर के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में विशेष सर्च अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में वन मित्र, आपदा मित्र, पुलिस बल और स्थानीय लोगों की टीमें मिलकर काम करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी और जंगल वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।बच्ची के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है और लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहा है। वहीं पूरा क्षेत्र इस घटना से चिंतित है और हर संभव प्रयास कर बच्ची को ढूंढने में जुटा हुआ है।