Summer Express, वाराणसी | वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित 28 अप्रैल के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे और विभिन्न परियोजनाओं तथा सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक कर प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और रात्रि विश्राम भी करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सीएम योगी की समीक्षा बैठक में उन विकास परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा सकता है, जिनका शिलान्यास और लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित है। इसके साथ ही अगले दिन मुख्यमंत्री कुछ प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। वे बरेका में आयोजित होने वाले नारी शक्ति महोत्सव और जनसभा स्थल की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है। कई इलाकों में रूट डायवर्जन लागू रहेगा और वीवीआईपी मूवमेंट के चलते सड़कों से अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपने काशी दौरे में करीब 6500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इनमें गंगा नदी पर प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी संभावित है। अंतिम सूची अभी जारी नहीं की गई है, लेकिन तैयारियों को देखते हुए दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।