Summer express,जींद | जींद में एक शादी समारोह के दौरान हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बाराती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना रोहतक रोड बाईपास स्थित चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सामने एक होटल में हुई।
जानकारी के अनुसार, गांव बराह खुर्द निवासी कृष्ण लाल अपने बेटे दीपक की बारात लेकर होटल पहुंचा था। समारोह के दौरान खाने-पीने के बीच बरातियों के एक समूह में विवाद हो गया। इसी दौरान दूल्हे के ताऊ के बेटे विकास और गांव के ही सतीश के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसे पहले मौके पर मौजूद लोगों ने शांत कर दिया था।
कुछ देर बाद विकास होटल से बाहर चला गया, जहां सतीश भी उसके पीछे पहुंच गया। दोनों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया। इसी बीच सतीश के बेटे अरुण और अमन भी मौके पर आ गए। आरोप है कि झगड़े के दौरान अमन ने चाकू से विकास की छाती और पेट पर वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विकास को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई अरविंद की शिकायत पर पुलिस ने सतीश, उसके बेटे अरुण और अमन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।