Summer express/बिलासपुर, सुभाष-:नगर निकाय चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय बिलासपुर का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम, मतगणना केंद्र और अन्य चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक चरण में सावधानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी के साथ पिछले चुनावों के अनुभवों पर चर्चा की और इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। प्रशासन का लक्ष्य इस बार 80 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है।जानकारी के अनुसार, नगर परिषद बिलासपुर में कुल 11 वार्ड हैं, जिनमें से 6 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। क्षेत्र में कुल 9,548 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,705 पुरुष और 4,843 महिला मतदाता शामिल हैं।