Summer express, गुरदासपुर | पंजाब के गुरदासपुर जिले में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बटाला पुलिस के अधीन सेखवां थाने से बीती रात दो आरोपी हिरासत से फरार हो गए, जिनमें एक हत्या और दूसरा नशा तस्करी के मामले में आरोपी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में गुरमीत सिंह पर हत्या का मामला दर्ज था और उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर रखा गया था। वहीं, दूसरे आरोपी हरपाल सिंह पर ड्रग तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप हैं। दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में हिरासत में थे, लेकिन देर रात उन्होंने थाने का ताला तोड़कर फरार होने में कामयाबी हासिल कर ली।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी सुखइंदर सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर किस स्तर पर लापरवाही हुई, जिसके चलते आरोपी फरार हो सके। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा में चूक की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।