Summer express, गुरुग्राम | गुरुग्राम के सेक्टर-53 इलाके में एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई है, जिसका शव उसकी महिला मित्र के कमरे से संदूक के अंदर बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई को युवती की ओर से फोन कर इस घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान संदूक से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शव की हालत बेहद खराब थी। गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे, वहीं पहचान छिपाने के लिए चेहरे को जलाने की भी कोशिश की गई थी।
प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, अमन उस युवती से शादी करना चाहता था, जबकि युवती किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था, जो आखिरकार इस जघन्य वारदात में बदल गया।
घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद मिराज (बिहार) और सोनू कुमार (मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई और इसमें युवती की क्या भूमिका रही। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।