Summer express, हैदराबाद | हैदराबाद में एक टॉलीवुड अभिनेत्री पर लंदन में रहने वाले सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल से शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने अभिनेत्री और उसके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक वर्ष 2018 में हैदराबाद आया था, जहां उसकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए अभिनेत्री से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कुछ समय बाद अभिनेत्री ने शादी का प्रस्ताव रखा। युवक के तलाकशुदा होने के बावजूद उसने शादी के लिए हामी भर दी।
आरोप है कि इसके बाद अभिनेत्री ने अलग-अलग बहानों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। उसने H-1B वीजा की समस्या, अमेरिका में पढ़ाई, फिल्म करियर और पारिवारिक आर्थिक दिक्कतों का हवाला देकर युवक से मोटी रकम ली। पीड़ित ने फ्लैट खरीदने, कार, सोना और अन्य खर्चों के लिए भी करोड़ों रुपये दिए।
जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले में अभिनेत्री के परिवार के सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने भी युवक से आर्थिक मदद ली। जब युवक ने शादी की बात को आगे बढ़ाने की कोशिश की, तो अभिनेत्री बार-बार टालती रही और अंततः शादी से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि पैसे लौटाने के नाम पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। बाद में अभिनेत्री ने संपर्क भी बंद कर दिया। पीड़ित को जब इस बात का पता चला कि वह किसी और रिश्ते में है, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इस कथित ठगी में शामिल सभी लोगों की भूमिका खंगाल रही है।