शिमला, संजू -:पर्यटन सीज़न के बीच शिमला के होटल और ढाबा कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अचानक ₹993 तक की बढ़ोतरी ने छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर डाला है। सीज़न के दौरान जब कारोबार अपने चरम पर होता है, ऐसे समय में बढ़ी कीमतों ने उनके सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पहले ही गैस सिलेंडर की अनियमित सप्लाई के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा था, और अब कीमतों में भारी वृद्धि ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उनके मुताबिक, इस बार गैस के दामों में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य वृद्धि से कहीं ज्यादा है।
कारोबारियों का कहना है कि बढ़ी लागत को देखते हुए अब उन्हें खाने-पीने की चीज़ों के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं। इससे न सिर्फ उनके व्यवसाय पर असर पड़ेगा, बल्कि पर्यटकों और आम लोगों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कई छोटे होटल और ढाबा संचालक पहले से ही सीमित मुनाफे पर काम कर रहे हैं, ऐसे में यह वृद्धि उनके लिए गंभीर संकट बन गई है।हिमाचल होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने इस फैसले पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि इससे छोटे कारोबारियों की रीढ़ टूट सकती है और पर्यटन उद्योग पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।कारोबारियों ने सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडर के दामों में की गई इस बढ़ोतरी को जल्द वापस लिया जाए, ताकि सीज़न के दौरान उनका कामकाज प्रभावित न हो और पर्यटन उद्योग सुचारू रूप से चलता रहे।