Summer express/शिमला, संजू -:शिमला में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा शिमला मंडल के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाकर खुशी मनाई और एक-दूसरे को लड्डू बांटकर बधाई दी। इस मौके पर शिमला शहरी सीट से पूर्व प्रत्याशी और भाजपा नेता संजय सूद भी मौजूद रहे।
संजय सूद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इसे पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने के साकार होने के रूप में बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल में कमल का खिलना लंबे समय से पार्टी का लक्ष्य रहा है, जो अब पूरा हुआ है।उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व की रणनीति को दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि यह सफलता भाजपा कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत और बलिदान का परिणाम है। संजय सूद ने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में काम किया, जिसका फल आज पार्टी को मिला है।भाजपा नेता ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनता का विश्वास भी दर्शाती है। उन्होंने देवतुल्य जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
वहीं कांग्रेस द्वारा ईवीएम और चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सूद ने कहा कि यह विपक्ष की निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस को जनता नकार देती है, तो वह चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और जनता के भरोसे का प्रतीक है।