Summer express/पालमपुर-:भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए, जिससे लोगों में निराशा बढ़ी है।उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों में जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर मतदान करेगी। भाजपा पालमपुर के विकास के लिए स्पष्ट योजना और आधुनिक सुविधाओं से युक्त विजन लेकर चुनाव मैदान में उतरी है।
श्रीकांत शर्मा ने बताया कि भाजपा के संकल्प पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पर्यटन और शहरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा की जीत के बाद क्षेत्र का एरियल सैटेलाइट सर्वे करवाकर ट्रैफिक और पार्किंग समस्याओं के समाधान के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।भाजपा प्रदेश प्रभारी ने दावा किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से पालमपुर के लिए लगभग 5000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके तहत शहर में अंडरपास, पुल और फ्लाईओवर निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। साथ ही प्रत्येक वार्ड में आधुनिक पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके। युवाओं और बच्चों के लिए ओपन जिम, चिल्ड्रन पार्क तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष पार्क विकसित करने की भी योजना है।भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पालमपुर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए टैक्सी चालकों, व्यापारियों और होटल उद्योग से जुड़े लोगों के सहयोग से पर्यटन सर्किट बनाया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रवेश द्वारों को शहीदों के नाम से विकसित करने और शहीद स्मारक निर्माण की भी बात कही गई।सम्मेलन के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के संकल्प पत्र और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।