Summer express/शिमला ,संजू -:हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। कई उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत कर रहे हैं। इसी बीच एक व्यापारी ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
स्थानीय व्यापारी राजेश वर्मा ने आरोप लगाया कि उनका गोदाम पिछले करीब आठ महीनों से बंद पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार भारी बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। राजेश के अनुसार फरवरी महीने में उनके गोदाम का बिजली बिल करीब 14 हजार रुपये आया था, जबकि मार्च में यह बढ़कर 19 हजार रुपये तक पहुंच गया।व्यापारी का कहना है कि गोदाम में न तो कोई मशीन चल रही है और न ही बिजली का नियमित उपयोग हो रहा है। ऐसे में लगातार बढ़ते बिलों ने उन्हें आर्थिक परेशानी में डाल दिया है। विरोध जताने के लिए उन्होंने अपने पुराने बिजली मीटर और बिलों की प्रतियां सड़क किनारे रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।राजेश वर्मा ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं को गलत बिल भेजे गए हैं, उन्हें राहत दी जाए। वहीं स्थानीय लोगों ने भी बढ़ते बिजली बिलों पर चिंता जताते हुए सरकार और बिजली बोर्ड से मामले में जल्द समाधान की मांग की ।