Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू -: पलवल स्थित जाट धर्मशाला में जाट समाज विकास समिति की ओर से “चौपाई महामेला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जबकि खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम और पूर्व विधायक दीपक मंगला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत होती है और ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में हमारी कई पुरानी परंपराएं धीरे-धीरे खत्म होती जा रही हैं, लेकिन समाज के लोगों ने चौपाई महामेले के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का सराहनीय प्रयास किया है। यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक और लाभकारी साबित होगा।इस दौरान शिक्षा मंत्री से नीट परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद ही कोई टिप्पणी करना उचित होगा।वहीं हाल ही में घोषित 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों को लेकर उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 में प्रदेश का पास प्रतिशत करीब 48 फीसदी था, लेकिन भाजपा सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का परिणाम है कि आज सरकारी स्कूलों के परिणाम सीबीएसई और निजी स्कूलों के लगभग बराबर पहुंच चुके हैं।