Summer express/चंडीगढ़ : हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की। उन्होंने अपने सरकारी काफिले की बजाय साइकिल से हरियाणा विधानसभा पहुंचकर लोगों को फिटनेस और ईंधन बचत का संदेश दिया। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पेट्रोल-डीजल बचाओ” और फिट इंडिया अभियान से प्रेरित बताया जा रहा है।
विधानसभा पहुंचने के बाद मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि साइकिल चलाना केवल ईंधन की बचत नहीं करता, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखने का सबसे सरल माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोग छोटी-छोटी दूरियों के लिए भी वाहनों का उपयोग करते हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। ऐसे में साइकिल का उपयोग एक सकारात्मक बदलाव ला सकता है।खेल मंत्री ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दिनचर्या में साइकिल को शामिल करें। इससे न केवल फिटनेस बेहतर होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर की अच्छी एक्सरसाइज होती है और कई बीमारियों से बचाव संभव है।गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को जन-जन तक पहुंचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल या पैदल चलने को प्राथमिकता दें, ताकि स्वस्थ भारत और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सके।