Summer express/ मंडी, धर्मवीर -: तकनीक के इस दौर में कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर देते हैं। ऐसा ही एक अजीब मामला मंडी शहर में सामने आया है, जहां घर के गैराज में खड़ी कार का टोल प्लाजा पर शुल्क कटने का संदेश मिलने से वाहन मालिक हैरान रह गया।
रामनगर मंगवाई निवासी युगल किशोर शर्मा, जिन्हें लोग काकू पंडित ब्रदर्स के नाम से भी जानते हैं, सोमवार सुबह उस समय परेशान हो गए जब उनके मोबाइल पर टोल कटने का मैसेज आया। संदेश के अनुसार 17 मई की रात 11 बजकर 32 मिनट पर मंडी-चंडीगढ़ फोरलेन स्थित गड़ा मोड़ टोल प्लाजा पर उनकी कार नंबर एचपी 33एफ 2038 से 155 रुपये का टोल काटा गया। इतना ही नहीं, मैसेज में यह भी बताया गया कि उनके फास्टैग खाते में अब शून्य बैलेंस बचा है।संदेश पढ़ते ही युगल किशोर ने तुरंत अपने घर के गैराज की जांच की। उन्होंने देखा कि कार वहीं सुरक्षित खड़ी थी और गैराज पर ताला भी लगा हुआ था। परिवार में केवल पति-पत्नी ही रहते हैं और गाड़ी को किसी अन्य व्यक्ति ने भी इस्तेमाल नहीं किया था। ऐसे में बिना गाड़ी निकले टोल कटने की घटना ने उन्हें पूरी तरह चौंका दिया।
युगल किशोर ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी लेने के लिए मैसेज में दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग पाई। अब उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने का फैसला लिया है।यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि वाहन घर में खड़ा हो और फिर भी टोल कट जाए, तो यह तकनीकी गड़बड़ी या किसी बड़ी लापरवाही का संकेत हो सकता है। वाहन मालिक ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और कटे हुए पैसे वापस दिलाने की मांग की है।