Summer express, नई दिल्ली। भोपाल में नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर ससुराल पक्ष ने ट्विशा पर नशे की लत और मानसिक बीमारी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने इन दावों को बेबुनियाद और अपमानजनक बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ट्विशा की भाभी राशि शर्मा ने ससुराल पक्ष के आरोपों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति की छवि खराब करना बेहद शर्मनाक है, जो अब इस दुनिया में नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार पर आरोप लगाना अलग बात है, लेकिन एक मृत महिला को लगातार बदनाम करना बेहद दुखद और चौंकाने वाला व्यवहार है।
दरअसल, ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने दावा किया था कि ट्विशा मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और उन्हें लगातार निगरानी में रखने की जरूरत पड़ती थी। इसके अलावा उन पर ड्रग्स लेने और साइकोटिक डिसऑर्डर से जूझने के आरोप भी लगाए गए। ससुराल पक्ष ने यह भी कहा कि ट्विशा बच्चा नहीं चाहती थीं और उन्होंने गर्भपात का फैसला खुद लिया था।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने कहा कि वह बेहद सकारात्मक सोच वाली महिला थीं और हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहती थीं। उन्होंने कहा कि परिवार ही नहीं, बल्कि ट्विशा को जानने वाले कई लोग इन आरोपों को सुनकर स्तब्ध हैं।
ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और उनकी मौत का संबंध भी इसी उत्पीड़न से हो सकता है। परिवार का कहना है कि 12 मई को ट्विशा की मौत के बाद से उनके पति समर्थ सिंह लापता हैं।
मामले में सामने आए ट्विशा के आखिरी संदेशों ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मौत से कुछ मिनट पहले उन्होंने अपनी मां से उन्हें घर वापस ले जाने की बात कही थी। परिवार के मुताबिक उनके माता-पिता ने टिकट भी बुक करा लिए थे और वे उन्हें लेने आने वाले थे। अपनी एक दोस्त को भेजे संदेश में ट्विशा ने शादी में खुद को फंसा हुआ महसूस करने की बात कही थी और उसे ऐसी गलती न करने की सलाह दी थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन शरीर पर चोट के कई निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। अब परिवार दिल्ली में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहा है।