Summer express, फिरोजपुर | पंजाब के फिरोजपुर जिले के मल्लांवाला नगर पंचायत स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) में देर रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिसर में खड़ी कई ट्रालियां और रिक्शे जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत के बाहर पड़े कूड़े के ढेर में सबसे पहले आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की घटना रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है।
मौके पर तैनात चौकीदार बाबू राम ने तुरंत सफाई कर्मचारियों और नगर पंचायत अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
इसके बाद जीरा से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक परिसर में रखा काफी सामान जल चुका था।
स्थानीय प्रधान सफाई सेवक चंद्र मोहन चंदू ने बताया कि शुरुआती तौर पर घटना के पीछे शरारती तत्वों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। चौकीदार ने भी इसी तरह का संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अधिकारियों के पहुंचने के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाई जाएगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से नगर पंचायत को भारी नुकसान पहुंचा है।