Summer express/चम्बा, मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भरमौर-पांगी से भाजपा विधायक डॉ जनक राज ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। भरमौर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार झूठी गारंटियों और लोकलुभावन घोषणाओं के जरिए जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद कैबिनेट बैठक बुलाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की गई, जिसकी शिकायत चुनाव आयोग तक पहुंच चुकी है।
विधायक ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में लिए गए प्रलोभन भरे फैसलों को तुरंत निरस्त किया जाना चाहिए ताकि पंचायत चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।भाजपा विधायक डॉ जनक राज ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथित झूठी गारंटियों से प्रदेश की जनता अब परेशान और निराश हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के दौरान सरकार द्वारा लिए गए फैसले पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश हैं। जनता अब सब समझ चुकी है और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और आने वाले समय में कांग्रेस को जनता का विरोध झेलना पड़ेगा।