Summer express, नई दिल्ली। देश के उत्तर और मध्य भारत में प्रचंड गर्मी का दौर लगातार जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है, हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत भी मिले हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भीषण लू का असर बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी। वहीं ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
आईएमडी के मुताबिक 28 मई से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। एक चक्रवाती परिसंचरण, पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय ट्रफ के सक्रिय होने से कई राज्यों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना बन रही है। इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और राजस्थान के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं पूर्वी भारत में अगले एक सप्ताह तक आंधी और तूफानी गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले दो से तीन दिनों में इसके अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान जैसे जिलों में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई है।