Summer express/कांगड़ा, राहुल -:कांगड़ा जिले में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। मंगलवार को जिले की कुल 287 पंचायतों में मतदान कराया गया था। इनमें से 286 पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जबकि बड़ा भंगाल पंचायत के नतीजे 31 मई को जारी किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन प्रशासन के अनुसार बड़ा भंगाल क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते वहां की मतपेटियों को बीड़ लाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित तिथि पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि बाकी सभी पंचायतों में मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिले के कुछ क्षेत्रों में मामूली आपत्तियां और विवाद सामने आए, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। किसी भी स्थान पर कोई बड़ी अप्रिय घटना दर्ज नहीं हुई। प्रशासन ने पूरे जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।डीसी ने मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी दो चरणों के पंचायत चुनावों में भी अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य सभी चरणों में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को बनाए रखना है।