Summer express, गुजरात। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने संयुक्त अभियान चलाकर मुंद्रा तट के पास समुद्री रास्ते से हो रही ड्रग्स तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक कंटेनर जहाज से करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार यह ऑपरेशन 25 और 26 मई की रात को खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया। गुजरात एटीएस को समुद्री मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद इंडियन कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर मुंद्रा एंकरेज क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर लंगर डाले खड़े ‘एमवी यूरोप’ नामक कंटेनर जहाज पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। इसी दौरान टीम ने जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते हुए देखे। इसके बाद कोस्ट गार्ड और एटीएस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समुद्र से पांच बैग बरामद किए।
बरामद बैगों की जांच में 115 पैकेट मिले, जिनमें सफेद पाउडर भरा हुआ था। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम बताया गया है। शुरुआती जांच में यह पदार्थ कोकीन पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कुल बरामद कोकीन का वजन 115 किलोग्राम है।
कार्रवाई के बाद संदिग्ध जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। मामले की जांच आईसीजी, गुजरात एटीएस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ आईसीजी और गुजरात एटीएस का यह 15वां सफल संयुक्त अभियान है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी हैं।