Summer express/ऊना, राकेश -: ऊना जिले में एक कैफे कर्मी के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाकर प्रताड़ित किए जाने के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रोष रैली निकालते हुए प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी।उन्होंने दावा किया कि युवक को बंधक बनाकर रखा गया और उसे गंभीर यातनाएं दी गईं। मामले को लेकर कुछ दिन पहले भी परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम किया था।उस दौरान पुलिस प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था।हालांकि, परिजनों का कहना है कि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस और सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।उनका आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली और आर्थिक रूप से संपन्न हैं, जिसके कारण उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं की जा रही।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में प्रशासन के चक्कर काट रहा है।ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।