Summer express, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के खमानों क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी चार वर्षीय बेटी को साथ लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने अपनी पत्नी के लापता होने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और प्रशासन में भी हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव नानोवाल खुर्द निवासी अमरपाल सिंह सुबह करीब साढ़े पांच बजे खमानों के वार्ड नंबर-12 स्थित एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर अपनी मासूम बेटी के साथ चढ़ गया। तपती गर्मी में बच्ची को टावर पर देखकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
टावर पर मौजूद युवक ने दावा किया कि वह वर्ष 2019 से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और चार वर्षीय बच्ची उनकी संतान है। उसका आरोप है कि उसकी साथी खमानों स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में कार्यरत थी और हाल ही में केंद्र के एक मैनेजर के साथ चली गई। युवक ने इस संबंध में कई गंभीर आरोप भी लगाए।
अमरपाल सिंह का कहना है कि उसने अपनी साथी की तलाश और मामले में कार्रवाई के लिए कई बार पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उसे कोई संतोषजनक मदद नहीं मिली। इसी से परेशान होकर उसने विरोध स्वरूप अपनी बेटी के साथ टावर पर चढ़ने का फैसला किया।
घटना के दौरान तेज गर्मी और लंबे समय तक टावर पर रहने के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए टावर तक खाने-पीने का सामान पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि बच्ची को राहत मिल सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से बातचीत का दौर जारी था और युवक को सुरक्षित नीचे लाने की कोशिशें की जा रही थीं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने बच्ची की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।