Summer express, मोहाली | जनगणना-2027 के कार्य को पूरी लगन, समर्पण और तेजी से पूरा करने वाले गणनाकारों और सुपरवाइजरों का उत्साहवर्धन करते हुए आज प्रिंसिपल सेंसस अधिकारी-कम-कमिश्नर, नगर निगम एस.ए.एस. नगर संदीप सिंह गाढ़ा को Sandeep Singh Gada ने एक विशेष लेकिन सादे समारोह के दौरान 25 गणनाकारों और सुपरवाइजरों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया जिन्होंने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत अपने सेंसस ब्लॉकों का डिजिटल डेटा सबसे पहले पूरा कर सफलतापूर्वक पोर्टल पर अपलोड किया। इन कर्मचारियों ने निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा कर अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल सेंसस अधिकारी-कम-कमिश्नर ने कहा कि भीषण गर्मी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद इन 25 कर्मचारियों ने तकनीकी दक्षता, अनुशासन और जनता के साथ बेहतर समन्वय का परिचय देते हुए अपनी ड्यूटी अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाई है। उन्होंने कहा कि इनकी कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने अन्य टीमों से भी अपील की कि वे इसी प्रकार समर्पण और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना-2027 के कार्य को जल्द से जल्द 100 प्रतिशत पूरा किया जा सके।