Summer express/मंडी, धर्मवीर -: विद्युत उप-मंडल मंडी नंबर-3 के अंतर्गत बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उपभोक्ता पर 52,802 रुपये का जुर्माना लगाया है। सहायक अभियंता होशियार सिंह राणा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नसलोह, फारसा और रोपड़ू गांवों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान एक स्थान पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया।
निरीक्षण टीम में कनिष्ठ अभियंता मुकेल चंद और फोरमैन सुमित कुमार भी शामिल रहे। जांच के दौरान पाया गया कि अवैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से बिजली की चोरी की जा रही थी, जिससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा था बल्कि आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन को हटाया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।सहायक अभियंता होशियार सिंह राणा ने बताया कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है, जिसके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत सख्त कानूनी प्रावधान किए गए हैं। दोषी पाए जाने पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कारावास का भी प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विभाग चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर स्थापित कर रहा है, जिससे बिजली खपत की सटीक निगरानी संभव होगी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। साथ ही उपभोक्ताओं से अपनी कंज्यूमर आईडी के साथ सही मोबाइल नंबर लिंक करवाने का आग्रह किया गया है, ताकि बिजली बिल और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।