Summer express, पानीपत। जिले के समालखा क्षेत्र में रात एक दर्दनाक घटना में सड़क किनारे खड़े तीन युवकों की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। हादसा गांव डिकाडला के निकट आट्टा रोड पर हुआ। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे विनोद अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात नरेंद्र और अनीप से हुई। तीनों युवक सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र और अनीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। एक ही घटना में तीन युवकों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रात के समय ही दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को बरामद कर लिया। वाहन चालक और हादसे की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या है। उनका कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।