Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे अंबाला के लोगों को गुरुवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी। अलसुबह तेज आंधी, काले घने बादलों और बारिश ने मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
सुबह के समय तेज हवाओं के साथ आसमान में घने बादल छा गए। बादलों का घनत्व इतना अधिक था कि दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बन गया। तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर मकानों और दुकानों के शेड उड़ गए, जबकि कुछ इलाकों में पेड़ों की शाखाएं टूटने की भी सूचना है। मौसम के अचानक बदले स्वरूप से लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल भी देखने को मिला।
आंधी और बारिश के कारण शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सड़कों पर निकलने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भी तेज हवाओं और बारिश के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
पिछले कई दिनों से अंबाला में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था। भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया था। लोग दिन के समय घरों में रहने को मजबूर थे और बाजारों में भी रौनक कम हो गई थी। ऐसे में बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।
कृषि क्षेत्र के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। धान की रोपाई का समय शुरू होने वाला है और किसानों का मानना है कि समय पर हुई बारिश से खेतों की नमी बढ़ेगी, जिससे खेती के कार्यों में मदद मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ मानसून पूर्व गतिविधियों का असर देखने को मिल रहा है।