Summer express, दीनानगर । नगर परिषद चुनाव के दौरान दीनानगर में ट्रैफिक व्यवस्था की खामियां एक बार फिर सामने आईं, जब मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लंबे जाम के चलते एक एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही। इस दौरान एंबुलेंस में मौजूद मरीज और परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
चुनावों के कारण शहर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। कई स्थानों पर अवैध पार्किंग और सड़कों पर भीड़ के कारण स्थिति और बिगड़ गई, जिससे यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जाम की स्थिति के कारण न केवल आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि मुख्य चौकों और बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए।
नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में आपातकालीन सेवाएं बाधित न हों और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।