Summer express/चिंतपूर्णी, विकास -: पावन सोमवती अमावस्या एवं संक्रांति के शुभ अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो सोमवार को पर्व के दिन और अधिक बढ़ गया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर न्यास द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित करने के लिए पुराने बस स्टैंड से श्रद्धालुओं को डबल लाइनों में व्यवस्थित कर मंदिर की ओर भेजा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।दोपहर के समय क्षेत्र में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। हालांकि बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। भक्त छाते और बरसाती का सहारा लेकर तथा कई श्रद्धालु भीगते हुए भी माता रानी के दर्शनों के लिए कतारों में डटे रहे। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना भी की। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार पर्व के अवसर पर क्षेत्र में अच्छी खासी रौनक देखने को मिली, जिससे बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ी है।सोमवती अमावस्या और संक्रांति के इस पावन अवसर पर चिंतपूर्णी धाम में उमड़ी श्रद्धा और भक्ति ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मौसम की चुनौतियां भी भक्तों की अटूट आस्था को डिगा नहीं सकतीं।