Summer express, सुंदर कुंडू, पलवल। हरियाणवी स्टेज डांसर ने पलवल में तैनात एक होमगार्ड सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मदद का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और कई महीनों तक उसका शोषण करता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार वह एक मामले के सिलसिले में थाने गई थी, जहां एक पुलिसकर्मी ने उसकी मुलाकात होमगार्ड एसआई से करवाई। महिला का आरोप है कि एसआई ने उसकी सहायता करने का भरोसा दिया और बाद में उसे एक होटल में बुलाया। वहां उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
महिला ने बताया कि उसे लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए गए, लेकिन जब उसने विवाह को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी का व्यवहार बदल गया और वह धमकियां देने लगा।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद उसने खुद को अविवाहित बताकर उसे अपने जाल में फंसाया।
वहीं, होमगार्ड एसआई ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पलवल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।