Summer express, झज्जर l झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बादली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए करीब 100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कृषि, शिक्षा, प्रशासनिक ढांचे और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। मुनीमपुर में इंडो-इजराइल मॉडल पर आधारित पुष्प एवं बीज उत्पादन उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ किया गया, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन का लाभ मिलेगा। इस परियोजना से क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
बादली में 31.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए उपमंडल भवन और आवासीय कॉलोनी का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा कुलाना में 12.25 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय महिला महाविद्यालय का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने निमाना गांव में 10.14 करोड़ रुपये की लागत से बने नए जलघर का भी उद्घाटन किया। इससे आसपास के गांवों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर जल सुविधाएं प्राप्त होंगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया और सरकार की आगामी विकास योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।