Summer express, बहादुरगढ़ l बहादुरगढ़ के दयानंद नगर में नवजात शिशु को जन्म देने के बाद उसे प्लास्टिक के कट्टे में छोड़कर फरार होने वाली महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है और महिला की पहचान के लिए शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज में संबंधित महिला एक पुरुष के साथ ई-रिक्शा में जाती हुई दिखाई दी है। हालांकि दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि महिला तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने किन परिस्थितियों में नवजात को इस तरह छोड़ने का कदम उठाया। फिलहाल मामले में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
उधर, बरामद नवजात को उपचार और देखभाल के लिए शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल की नर्सरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।