Summer express/ मंडी, धर्मवीर – छोटी काशी मंडी में उस समय कुछ देर के लिए आपदा जैसे हालात पैदा हो गए, जब प्री मानसून की बारिश से ही शहर की सड़कें जलमग्न हो गई और दुकानों में पानी घुस गया। मंगलवार शाम को हुई इस बारिश ने जहां जिला मुख्यालय में नगर निगम मंडी व लोक निर्माण विभाग की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी, वहीं जन जीवन भी अस्त व्यस्त कर दिया। करीब 30 मिनट हुई जोरदार बारिश से ही शहर में तालाब ही तालाब नजर आने लगे।
भारी वर्षा के बीच जोनल अस्पताल मंडी स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल भवन की तीसरी मंजिल पर गायनी वार्ड में छत व गैलरी की सीलिंग टूटकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि सीलिंग गिरने से तीमारदारों के बैठने के लिए लगाई गई स्टील की कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं। अचानक सीलिंग गिरने की घटना से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उधर, शहर के व्यस्त इंदिरा मार्केट क्षेत्र में भी दुकानों में पानी का रिसाव होने से व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई दुकानों में पानी घुसने से सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही। सुहड़ा मोहल्ले में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया।