Summer express, बठिंडा। जिले के मसाना गांव स्थित एक शराब फैक्टरी में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग फैक्टरी के स्टीम टैंक में भड़की, जिसके बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में भीषण गर्मी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने या बड़े वित्तीय नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।