Summer express, रोहतक। महम सीआईए पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक 20 वर्षीय छात्र को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान जनता कॉलोनी निवासी कृत के रूप में हुई है, जो बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने उसके कब्जे से मेड इन चाइना रिवॉल्वर समेत दो अवैध हथियार और आठ कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि महम सीआईए को सूचना मिली थी कि कृत अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल है और झज्जर रोड स्थित कन्हेली फ्लाईओवर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को एक बैग सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान बैग से दो पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद हुए। इनमें एक हथियार मेड इन चाइना और दूसरा देशी निर्मित बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी, जिसके चलते उस पर भारी कर्ज चढ़ गया था। इसी दौरान विदेश में बैठे एक हैंडलर ने उससे संपर्क किया और कर्ज चुकाने का लालच दिया। बदले में उसे केवल तय स्थानों से हथियार उठाकर दूसरी जगह पहुंचाने का काम सौंपा गया। आरोपी को निर्देश दिया गया था कि वह केवल हैंडलर के संपर्क में रहे और किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत न करे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कृत पिछले करीब डेढ़ महीने में 20 से अधिक हथियार विभिन्न स्थानों तक पहुंचा चुका था। हालांकि इस बार पुलिस की सतर्कता के चलते वह गिरफ्त में आ गया।
मामले की जांच के दौरान जब पुलिस ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की, तो उसकी मां ने बताया कि वह सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा अपराध की दुनिया में कदम रख चुका है। परिवार के अनुसार कृत बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष जून तक आर्म्स एक्ट के 66 मामलों में 76 हथियार और 106 कारतूस बरामद किए गए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 68 मामलों में 125 हथियार और 154 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है।