Summer express, लुधियाना । टिब्बा रोड क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के लापता होने के मामले में पुलिस ने उसकी मां और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में बच्ची के दादा मोहम्मद यामीन ने बताया कि उनकी छह वर्षीय पोती माही 1 घर में खेल रही थी। कुछ समय बाद जब परिवार की नजर उस पर पड़ी तो वह घर से गायब थी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
बाद में परिवार द्वारा की गई पड़ताल में पता चला कि बच्ची को उसकी मां गुलफासा अपने साथ ले गई थी। शिकायत के अनुसार, बच्ची को मान नगर, डाबा रोड स्थित एक मकान में रखा गया था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता के साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला गुलफासा और उसकी कथित सहायता करने वाले कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।