Summer express, सोनीपत | सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय में तैनात एक क्लर्क को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचेत हुड्डा के रूप में हुई है, जो जिला लघु सचिवालय में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार विमल किशोर नामक व्यक्ति ने एसीबी को शिकायत दी थी कि क्लर्क सचेत हुड्डा एक काम के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मामले की जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम 30 हजार रुपये आरोपी क्लर्क को सौंपी, उसी दौरान पहले से मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसी कार्यालय के भीतर हुई इस कार्रवाई के बाद जिला लघु सचिवालय में हड़कंप मच गया। सरकारी दफ्तर में खुलेआम रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं इस नेटवर्क में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल तो नहीं हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।