Summer express, गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के बजघेड़ा गांव में स्थित एक तालाब में नहाने गए दो मजदूरों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रंजीत राय (मूल निवासी वैशाली, बिहार) और 34 वर्षीय महेंद्र पाल (निवासी बिजवासन, दिल्ली) के रूप में हुई है। दोनों गुरुग्राम के एक लकड़ी गोदाम में मजदूरी का काम करते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोपहर करीब 3 बजे दोनों तालाब के पास घूमने गए थे। कुछ देर बाद दोनों ने पानी में नहाने का फैसला किया, जहां महेंद्र पाल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथी को बचाने के प्रयास में रंजीत राय भी तालाब में कूद गए, लेकिन दोनों को तैरना नहीं आता था। इसी कारण दोनों गहरे पानी में फंस गए और डूब गए।
घटना को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।