Summer express, कुरुक्षेत्र I हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के ज्योतिसर क्षेत्र के पास नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर में एक 19 वर्षीय युवती ने आत्मघाती कदम उठाते हुए ज्योतिसर पुल से गहरे पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद सतर्क राहगीरों और पुलिस की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम पहले से ही एसवाईएल नहर में डूबे रोहित नामक युवक की तलाश में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान ज्योतिसर हेड के पास अचानक युवती ने नहर में छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया।
इसी बीच भौर सैदां गांव के दो युवक राहुल और आशु, जो मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखते ही बिना देरी किए नहर में कूद गए। दोनों युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को डूबने से बचाकर किनारे तक पहुंचाया। हालांकि ठंडे पानी और सदमे के कारण वह तट पर पहुंचते ही बेहोश हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से युवती को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ज्योतिसर चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि युवती कुरुक्षेत्र शहर की रहने वाली है। पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई और प्राथमिक उपचार व काउंसलिंग के बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती घरेलू और पारिवारिक तनाव से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच जारी है।