Summer express, अंबाला। बराड़ा क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब हत्या की आशंका में बदलता नजर आ रहा है। मृतक की पहचान राहुल उर्फ लोट्टा के रूप में हुई है। शुरुआती तौर पर मामले को नशे की ओवरडोज से हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन परिजनों के आरोपों और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर जब मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया, तो उन्होंने राहुल के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान देखे। परिजनों का आरोप है कि राहुल की उसके ही कुछ दोस्तों ने मिलकर हत्या की है। शव पर आंखों के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए, जबकि कानों से खून बहने के भी संकेत मिले। इसके अलावा, घटनास्थल की सीढ़ियों पर खून के धब्बे मिलने से किसी संघर्ष की आशंका भी जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मामले के कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हुई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हत्या की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।