हमीरपुर, अरविंद-: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के अवसर पर जिला ओलंपिक संघ हमीरपुर द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ को हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ चिल्ड्रन पार्क तक दौड़ लगाई।
जागरूकता दौड़ सिंथेटिक ट्रैक, अणु स्थित डिग्री कॉलेज परिसर से शुरू होकर हीरानगर में संपन्न हुई।
कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, विद्यार्थी, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक एकता और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना था।इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के दौरान इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि दौड़ में करीब 1500 लोगों ने भाग लिया और सभी ने फिट रहने तथा नियमित व्यायाम का संदेश दिया।भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) हमीरपुर केंद्र के खिलाड़ियों की मांगों पर उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक को और आधुनिक बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी केंद्र में इनडोर स्टेडियम, आधुनिक जिम और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खिलाड़ियों के लिए नए हॉस्टल की व्यवस्था को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।सांसद ने यह भी घोषणा की कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इस वर्ष अक्टूबर माह में सांसद खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पहल को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।