Summer express, महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र स्थित गांव कुलताजपुर में पंचायती जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान गांव के सरपंच के साथ मारपीट की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक और महिला सरपंच के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव कुलताजपुर की पंचायत भूमि पर कथित कब्जे को हटाने के लिए सरपंच विक्रम मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सरपंच ने मामले में पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच विक्रम के मुताबिक, पंचायत की खसरा नंबर 171/9 स्थित जमीन से प्रशासन ने पिछले वर्ष नवंबर में अतिक्रमण हटवाया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने दोबारा वहां ईंधन सामग्री डालकर कब्जा कर लिया। इस संबंध में ग्राम पंचायत ने कार्रवाई का प्रस्ताव पारित किया था, जबकि 10 जून को बीडीपीओ नारनौल ने सदर थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे।
सरपंच का आरोप है कि जब वह पंचायत भूमि से ईंधन हटवा रहे थे, तभी अमर सिंह, मनजीत, भोलूराम और शारदा नामक लोगों ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे उनके भाई अजीत पर भी ईंट से हमला किए जाने का आरोप है। इस हमले में अजीत घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में उसके सिर पर गंभीर चोट आने और तीन टांके लगने की पुष्टि हुई है।
सरपंच ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने केवल एक आरोपी को एहतियातन धारा 107/151 के तहत हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया। उनका कहना है कि मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे गांव में दबंगों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत अब विवादित जमीन से पूरी तरह अतिक्रमण हटाकर वहां नींव की खुदाई और मुख्य गेट लगाने की तैयारी कर रही है, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके।
वहीं, सदर थाना प्रभारी धर्मवीर धनखड़ ने मामले को मामूली विवाद बताते हुए कहा कि मौके पर स्थिति को शांत करवा दिया गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और जरूरत पड़ने पर आगे भी नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।