अशवनी पाहवा |लुधियाना
महानगर के पॉश इलाके दुगरी स्थित राम लाल भसीन पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह जनरेटर रूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कूल में नियमित रूप से कक्षाएं चल रही थीं।
स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल की छुट्टी कर दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे दुगरी फेज-1 अर्बन एस्टेट स्थित स्कूल के जनरेटर रूम से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए आपात सुरक्षा व्यवस्था लागू की और शिक्षकों की मदद से सभी बच्चों को कक्षाओं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छोटे बच्चों को अभिभावकों के साथ घर भेजा गया, जबकि अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों को संदेश भेजकर उन्हें सुरक्षित रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण जनरेटर रूम के बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग को मुख्य भवन और कक्षाओं तक फैलने से रोक दिया। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पुलिस और फायर सेफ्टी विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि सभी विद्यार्थी और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना
नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्कूल प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी और भविष्य में
ऐसी घटनाओं की दोबारा होने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और स्कूल प्रबंधन की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।