Summer express, फरीदाबाद। हरियाणा के नूंह जिले में गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सड़क हादसे में शहीद हुए हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर मुकेश फोगाट का शनिवार को उनके पैतृक गांव फतेहपुर बिल्लोच (बल्लभगढ़) में पूरे राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पुलिस अधिकारियों और आसपास के गांवों के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार के दौरान नूंह के पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन भी मौजूद रहे। पुलिस गार्द ने शहीद अधिकारी को अंतिम सलामी दी, जबकि उनके बेटे मन्नू ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा और लोगों ने शहीद पुलिस अधिकारी के बलिदान को नमन किया।
मुकेश फोगाट फरीदाबाद जिले के फतेहपुर बिल्लोच गांव निवासी राम सिंह के पुत्र थे। उन्होंने 28 अक्टूबर 1991 को हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही अपनी सेवा शुरू की थी और करीब 35 वर्षों तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्तमान में वह नूंह जिले की पुन्हाना सीआईए में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। उनकी सेवानिवृत्ति में अभी लगभग तीन वर्ष का समय शेष था।
गौरतलब है कि 9 जुलाई को केएमपी एक्सप्रेसवे पर गो-तस्करों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान हुए सड़क हादसे में एसआई मुकेश फोगाट ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गो-तस्करों के कब्जे से 15 गोवंश को सुरक्षित मुक्त भी कराया था।
एसआई मुकेश फोगाट के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।